Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Tehri Garhwal News: अतिवृष्टि से सड़कें और घर क्षतिग्रस्त, आंकलन करने में जुटी जिला व तहसील प्रशासन की टीम

    Updated: Tue, 19 Aug 2025 07:07 PM (IST)

    टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश से तबाही मची है। सड़कें और घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की जा रही है। मौसम विभाग ने अभी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

    Hero Image
    जिला व तहसील प्रशासन की टीम अतिवृष्टि से हुई क्षति का आंकलन करने में जुटीं

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। जनपद में बीते तीन दिनों से मूसलधार बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश ने सड़क और संपर्क मार्गों के अलावा लोगों के आशियानों और परिसंपत्तियों को भी खासा नुकसान पहुंचाया है। वर्षा से जगह-जगह भूस्खलन व भूधंसाव की खबरें हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिला और तहसील प्रशासन की टीम क्षति का आंकलन करने में जुटी हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह वर्षा का अलर्ट जारी किया है। जनपद में लगातार हो रही वर्षा से लोगों की दुशवारियां बढ़ गई हैं। जिलेभर में वर्षा ने जमकर तबाही मचाई है।

    भिलंगना ब्लाक के ग्राम पाली के प्रधान वीरेंद्र नेगी ने बताया कि खाल गांव में अतिवृष्टि से मकान व खेतों को नुकसान पहुंचा है। गांव के शूरवीर सिंह, दलबीर सिंह, रविंद्र सिंह के घर के आंगन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यहां संपर्क मार्ग और पेयजल लाइन टूट गई है।

    साथ ही बिहारी लाल, देवदास, किशोरी लाल भट्ट, विनोद लाल के मकान और आंगन के पुश्ते ढहने से नुकसान हुआ है। प्रभावितों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर मुआवजे की मांग की है। नई टिहरी के निकट पिपली गांव के प्रधान रमेश सजवाण ने बताया कि गांव के हिम्मत सजवाण के आवासीय भवन के नीचे भूस्खलन हो गया है। जिससे उनका किचन क्षतिग्रस्त हुआ है। साथ ही मकान को खतरा हो गया है।

    प्रतापनगर के सौड़-बनुकंडाली के प्रधान नीलकंठ व्यास ने बताया कि बनकुंडाली के क्वा गदेरे में अतिवृष्टि से पानी का सैलाब आ गया। जिससे सड़क और खेतों को नुकसान पहुंचा है। सौड में शिवी देवी के मकान को क्षति पहुंची है।

    लिखवारगांव की बीडीसी सदस्य बबीता देवी ने बताया कि गांव के मदन किशोर, रोशन, प्रवेश के घरों के पास भूधंसाव से खतरा बना हुआ है। इधर, थत्यूड में अगलाड़ नदी भारी वर्षा से उफान पर है। नदी के तेज बहाव से छात्र-छात्राओं को स्कूल और ग्रामीणों को बाजार जाने में दिक्कत हो रही है।

    प्रधान आरती पंवार, दलवीर रमोला, देवेंद्र नेगी, राजेंद्र पंवार, मनवीर रमोला, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष निहाल सिंह रावत ने बताया कि घुच्चू गाड़ में पुल न होने और संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से लोग परेशान हैं। वर्षा से प्रभावित क्षेत्र में मुख्य संपर्क मार्ग की सुरक्षा दीवार भी ढह गई। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।