US Nagar News: काशीपुर द्रोण सागर का काम पूरा, जल्द प्रशासक को होगा हैंडओवर, दूसरे चरण की तैयारी
काशीपुर के लोगों के लिए खुशखबरी है क्योंकि द्रोण सागर के पहले चरण की परियोजना प्रशासक को सौंपने की तैयारी हो रही है। एसडीएम अभय प्रताप सिंह प्रशासक हैं। पहले चरण में सौंदर्यीकरण का कार्य हुआ है। रखरखाव के लिए नगर निगम को जिम्मेदारी देने पर विचार चल रहा है। दूसरे चरण में गाद सफाई और जल शुद्धिकरण जैसे कार्य होंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

जागरण संवाददाता, काशीपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार काशीपुर वासियों के लिए राहतभरी खबर आई है। शहर के ऐतिहासिक द्रोण सागर का फेज-1 परियोजना अब प्रशासक को सौंपने की तैयारी पूरी हो चुकी है। द्रोण सागर के प्रशासक की जिम्मेदारी वर्तमान में एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप सिंह के पास है।
करीब छह माह पूर्व ही पाथवे, बैठने की व्यवस्था, शेड, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का काम पूरा कर लिया गया था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बाउंड्री वाल के अधूरे हिस्सों को पूरा करने के निर्देश दिए थे। केएमवीएन के एई मनोज मासीवाल ने बताया कि अब शेष कार्य भी निपटा दिया गया है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह फेज-1 का औपचारिक हैंडओवर प्रशासक को कर दिया जाएगा।
प्रशासक एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फेज-1 हैंडओवर के बाद आगे इसका रखरखाव नगर निगम को सौंपने पर बातचीत चल रही है। केएमवीएन की तरफ से प्रक्रिया पूरा करने के बाद इस पर जल्द फैसला ले लिया जाएगा। क्योकि इस ऐतिहासिक धरोहर का रखरखाव बेहद जरूरी है इसके लिए नगर निगम एजेंसी उपयुक्त नजर आ रही है।
दूसरे चरण का रास्ता साफ़
हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा। इसमें गाद सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान, जल शुद्धिकरण और निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने जैसे कार्य शामिल हैं। साथ ही द्रोण सागर को पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से और अधिक आकर्षक रूप देने की योजना है।
सुरक्षा को लेकर नए कदम
प्रशासक ने बताया कि द्रोण सागर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैमरों की फिटिंग का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा परिसर में मौजूद कुछ पुराने पेड़ों के गिरने की आशंका को देखते हुए वन विभाग को पत्र लिखकर कार्यवाही करने को कहा गया है। उम्मीद है कि इस पर भी जल्द काम शुरू कर लिया जाएगा। वाहनों के द्रोण सागर में अंदर तक आने पर रोक लगा दी गई है। अब पार्किंग एरिया तक ही वाहन जा सकेंगे।
पहले फेज का काम पूरा होने के बाद बाउंड्री के कुछ हिस्से का काम करने के निर्देश दिए गए थे। जहां तक हैंडओवर की बात है, तो संबंधित विभाग की तरफ से पत्राचार मिलने के बाद आगे इसका रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपा जा सकता है।
-अभय प्रताप सिंह, प्रशासक द्रोण सागर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।