Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarkashi: सड़क धंसने से यमुनोत्री हाईवे बंद, गंगोत्री के खुलने-बंद होने का क्रम जारी; बढ़ी लैंडस्लाइड की घटनाएं

    Updated: Mon, 04 Aug 2025 07:55 PM (IST)

    उत्तरकाशी में भारी बारिश के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन हुआ है जिससे यातायात बाधित है। यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास सड़क धंसने से बंद है जबकि गंगोत्री हाईवे भी कई स्थानों पर अवरुद्ध है। कई ग्रामीण मोटरमार्ग भी वर्षा के कारण बंद हैं जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

    Hero Image
    गंगनानी के पास गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन के चलते आए बोल्डर। स्रोत आपदा प्रबंधन विभाग

    जागरण टीम, उत्तरकाशी। बीते रविवार मध्य रात्रि के बाद से रुक-रुककर जारी भारी वर्षा के चलते जनपद में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वर्षा का सबसे ज्यादा असर गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पर पड़ा है। वर्षा के चलते दोनों हाईवे पर भू-धंसाव व भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार सुबह से जहां यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास सड़क धंसने से अवरुद्ध है, वहीं गंगोत्री हाईवे के खुलने व बंद होने का क्रम जारी है। गंगोत्री हाईवे भुक्की, गंगनानी के पास साढ़े तीन घंटे बंद रहने के बाद शाम को डबरानी में भूस्खलन के चलते मलबा आने के कारण दोबारा बंद हो गया।

    बता दें कि सोमवार को लगातार हो रही वर्षा के चलते यमुनोत्री नेशनल हाईवे डाबरकोट स्यानाचटट्टी, रानाचट्टी के पास सड़क धंसने व मलबा व बोल्डर गिरने से बाधित हो गया। इस कारण तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

    स्यानाचट्टी के पास धंसा यमुनोत्री हाईवे। स्रोत सुधि पाठक

    वहीं, दोनों ही जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वर्षा का कहर इतना अधिक था कि स्यानाचट्टी के पास 33 केवी की विद्युत लाइन पर एक पेड़ गिर गया, जिससे राणाचट्टी, हनुमान चट्टी, जानकीचट्टी सहित अन्य ऊपरी इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। वहीं हाईवे को बहाल करने के लिए भी एनएच की टीमों के द्वारा काम किया जा रहा है, लेकिन शाम को केवल डाबरकोट से ही मलबा हटाया जा सका था।

    स्यानाचट्टी, बाडिया व राणाचट्टी के पास मार्ग अभी भी बंद है, जिसके चलते तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    इधर, गंगोत्री हाईवे सुबह भटवाड़ी से आगे सुबह भुक्की में मलबा व पत्थर आने से बंद हुआ, जिसके करीब दो घंटे बाद आवाजाही के लिए खोला गया, लेकिन इसके बाद साढ़े नौ बजे करीब गंगनानी से आगे नागराजा मंदिर के पास बोल्डर गिरने से कुल साढ़े तीन घंटे तक आवाजाही ठप रही।

    शाम को सवा पांच बजे गंगोत्री हाईवे डबरानी में मलबा व पत्थर गिरने से दोबारा बंद हो गया। आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बहाल होने में जहां दो दिन का समय लग सकता है। वहीं, गंगोत्री हाईवे अगले डेढ़ से दो घंटे में खुलने की उम्मीद है।

    उत्तरकाशी जनपद में 19 ग्रामीण मोटरमार्ग भी बंद

    जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जनपद में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे के साथ करीब 19 ग्रामीण मोटरमार्ग भी बंद हैं। इनमें से नौ ग्रामीण मोटरमार्ग सोमवार को ही वर्षा के चलते बंद हुए। बंद होने वाले मोटरमार्गों में सिलक्यारा बनगांव मोटरमार्ग, गढ़, जसपुर मोटरमार्ग, कामदा छैजुला, जोगत बगोड़ी मोटरमार्ग, नैटवाड़ नुराणु व आराकोट भुटाणु आदि शामिल हैं। 

    यह भी पढ़ें- Uttarakhand Rain: लैंडस्लाइड के कारण दो स्टेट हाईवे समेत आठ रास्ते बंद, 50 से ज्यादा ग्रामीण घरों में हुए कैद

    comedy show banner
    comedy show banner