Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फ्रांस और स्पेन के बाद अब ग्रीस की जंगलों में भी आग का तांडव, वॉशिंगटन भी चपेट में; 5000 घर खाली कराए गए

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 01:59 AM (IST)

    ग्रीस में जंगल की आग ने राजधानी एथेंस के पास सौ से अधिक घर नष्ट कर दिए हैं और केफालोनिया से लोगों को निकालना पड़ा है, जबकि अमेरिका का वॉशिंगटन राज्य भ ...और पढ़ें

    ग्रीस की जंगलों में लगी आग।

    ग्रीस की जंगलों में लगी आग।

    HighLights

    1. ग्रीस में एथेंस के पास सौ से अधिक घर नष्ट।

    2. वॉशिंगटन राज्य में एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र प्रभावित।

    3. यूरोप में रिकॉर्ड गर्मी, जलवायु परिवर्तन से आग का खतरा बढ़ा।

    जागरण न्यूज नेटवर्क, वॉशिंगटन। फ्रांस और स्पेन के जंगलों में लगी आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अब यूरोप के एक अन्य देश ग्रीस के जंगलों में आग फैलने लगी है। इस आग में राजधानी एथेंस के उत्तर पश्चिम में अब तक सौ से अधिक घर नष्ट हो गए हैं, जबकि लोकप्रिय पर्यटन स्थल केफालोनिया से लोगों को निकालना पड़ा है।

    रविवार को एथेंस के पश्चिम में पोर्टो जर्मेनो क्षेत्र के जंगलों में लगी आग को बुझाने में जुटे दो हेलीकाप्टर आपस में टकरा गए। इसमें एक हेलीकाप्टर के दोनों चालक दल सदस्यों की मौत हो गई। जबकि दूसरे हेलीकाप्टर के दोनों चालक दल सदस्य सुरक्षित मिल गए।

    वॉशिंगटन का जंगल भी चपेट में 

    अमेरिका का वॉशिंगटन राज्य भी जंगलों में आग की दर्जनभर से अधिक घटनाओं से जूझ रहा है और एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र चपेट में आ चुका है। पांच हजार से अधिक घरों को खाली करा लिया गया है और 600 से अधिक घर, व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं अन्य इमारतें नष्ट हो गई हैं।

    मीडिया रिपोर्टस के अनुसार के अनुसार, यूरोप में रिकार्ड तोड़ गर्मी और बहुत कम वर्षा के कारण जंगलों की आग ने भारी तबाही मचाई है। विज्ञानियों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से हालात और भी खराब हो गए हैं।

    खबरें और भी

    तेज हवाओं से और भड़क उठी आग 

    अधिकारियों ने बताया कि एथेंस से 60 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में कोरिंथ की खाड़ी के पास पोर्टो जर्मेनो इलाके में लगी आग को तेज हवाओं ने और भड़का दिया। बाद में हवा तो धीमी पड़ गई, लेकिन आग पहाड़ पार करके दक्षिण की ओर वेनिजा बस्ती और एक मिलिट्री फायरिंग रेंज तक पहुंच गई, जिससे वहां बम और गोला-बारूद में आग लग गई।

    ग्रीस में अब तक 10 हजार हेक्टेयर से ज्यादा भूमि चपेट में

    दमकलकर्मियों ने पूरा जोर लगाया कि आग 30 हजार की आबादी वाले मेगारा शहर की ओर न बढ़े। बताते हैं कि ग्रीस में अब तक यह आग 10 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि को अपनी चपेट में ले चुकी है। एपी के अनुसार, फ्रांस में गिरोंडे और वार इलाकों में लगी जंगल की आग कम होती दिखी। दक्षिण-पश्चिम गिरोंडे में आग कहीं-कहीं थोड़ी भड़की थी, लेकिन दक्षिण-पूर्व वार इलाके में आग रातभर में और नहीं फैली।

    मध्य स्पेन में पिछले हफ्ते हजारों हेक्टेयर में फैली जंगल की आग ज्यादातर काबू में आ गई है, हालांकि अग्निशमन कर्मी कुछ इलाकों में फिर से भड़कने वाली आग से निपट रहे थे। न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में जंगलों में आग की एक दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आई हैं।

    स्पोकेन काउंटी के बड़े हिस्से में शनिवार को एक अस्पताल समेत लोगों को घर छोड़ने का आदेश जारी किया गया, क्योंकि तेज हवा के कारण आग रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ रही थी। एक वीडियो में स्पोकेन काउंटी में घना धुआं और नारंगी रंग का आसमान दिखाई दे रहा था, जबकि धीमी गति से चल रहे ट्रैफिक में फंसी कारें आग से दूर जाने की कोशिश कर रही थीं। राज्य में एक दर्जन से अधिक कम आबादी वाली दूसरी जगहों पर भी आग लगी हुई थी।

    आग बुझाने के लिए राज्यभर में लगभग 4,000 अग्निशमन कर्मी काम कर रहे थे और नेशनल गार्ड को भी तैनात किया गया था। एक दर्जन से अधिक राज्यों के कर्मचारी या उपकरण भी अग्निशमन में मदद कर रहे थे। राज्य के गवर्नर बाब फर्ग्यूसन ने सूखे की स्थिति, असामान्य रूप से अधिक तापमान और तेज हवाओं का हवाला देकर पूरे राज्य में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है।

    हंगरी में एकमात्र परमाणु संयंत्र पहली बार बंद

    रॉयटर्स के अनुसार, यूरोप के अन्य देश सूखे और राइन व डेन्यूब जैसी बड़ी नदियों में जलस्तर घटने की समस्या से जूझ रहे हैं। हंगरी, सर्बिया और रोमानिया में डेन्यूब नदी का जलस्तर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।

    डेन्यूब का पानी सूखने के कारण हंगरी के एकमात्र परमाणु संयंत्र को चार दशकों से अधिक समय में पहली बार बंद करना पड़ा है और देश के सबसे बड़े जलविद्युत संयंत्र का प्रतिदिन का उत्पादन सिर्फ 20 प्रतिशत रह गया है। साथ ही नई हीटवेव का खतरा भी मंडरा रहा है। हंगरी में 100 से अधिक शहरों एवं गांवों में पानी के इस्तेमाल पर पाबंदियां लगानी पड़ी हैं।

    यह भी पढ़ें- VIDEO: ग्रीस में जंगल की आग बुझाते समय हवा में टकराए दो फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर, दो पायलटों की मौत