भारत को घेरने वाले ट्रंप के इस नेता के दावों की उड़ी धज्जियां, एक्स यूजर्स ने फैक्ट चेक कर दिखाया आईना
अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर रूस से तेल खरीदकर मुनाफा कमाने का आरोप लगाया जिसे एक्स यूजर्स ने गलत बताया है। यूजर्स का कहना है कि भारत का तेल व्यापार ऊर्जा सुरक्षा के लिए है न कि सिर्फ लाभ के लिए। नवारो ने यह भी आरोप लगाया कि भारत रूसी युद्ध मशीन की मदद कर रहा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस से तेल खरीदकर भारत पर लाभ कमाने का आरोप लगाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो के दावों की धज्जियां उड़ गई हैं। एक्स यूजर्स की एक कम्युनिटी के फैक्ट चैक में उनके दावों पर सवाल उठाया गया है।
कम्युनिटी का कहना है कि भारत का तेल व्यापार ऊर्जा सुरक्षा के लिए है, सिर्फ लाभ कमाने के लिए नहीं। यह किसी प्रतिबंध का उल्लंघन नहीं करता। नवारो ने रूस के साथ भारत के व्यापार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि यह सिर्फ लाभ या राजस्व कमाने और रूसी युद्ध मशीन की सहायता करने के लिए है।
एक्स यूजर्स ने क्या कहा?
एक्स यूजर्स की कम्युनिटी ने कहा, ''भारत पर कुछ टैरिफ हैं, लेकिन अमेरिका का उसके साथ सेवाओं में व्यापार अधिशेष है। ऊर्जा सुरक्षा के लिए भारत द्वारा रूसी तेल की वैध एवं संप्रभु खरीद किसी अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं है। अमेरिका, भारत पर दबाव डाल रहा है, लेकिन खुद यूरेनियम जैसे अरबों डालर के रूसी सामान का आयात जारी रखे हुए है। यह उसके दोहरे मापदंड को उजागर करता है।''
नवारो ने क्या लगाया आरोप?
नवारो ने कम्युनिटी के बयान को ''बकवास'' बताते हुए एलन मस्क पर आरोप लगाया कि वह लोगों को एक्स पोस्ट में दुष्प्रचार करने दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने एक बार फिर भारत पर रूस के साथ तेल व्यापार से मुनाफाखोरी करने का आरोप लगाया।
नवारो ने यहा भी कहा, 'यूक्रेन पर रूसी आक्रमण से पहले उसने कोई तेल नहीं खरीदा था। भारत सरकार की स्पिन मशीन तेजी से चल रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियां छीनना बंद करो।''
पीएम मोदी के चीन दौरे पर क्या बोले थे नवारो?
इससे पहले नवारो ने चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रूसी और चीनी नेताओं के साथ हालिया मुलाकातों पर भी सवाल उठाए थे और कहा था कि भारत को रूस के साथ नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ रहने की जरूरत है।
हालांकि विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को नवारो के भारत के विरुद्ध लगातार तीखे हमलों को खारिज करते हुए उनकी टिप्पणियों को गलत और भ्रामक बयान करार दिया था।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'माफी मांगेगा भारत', ट्रेड डील को लेकर ट्रंप के वाणिज्य मंत्री का बेतुका बयान; दी गीदड़भभकी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।