Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    बुडापेस्ट में प्रस्तावित ट्रंप व पुतिन की वार्ता स्थगित, व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर दी जानकारी

    Updated: Tue, 21 Oct 2025 11:30 PM (IST)

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच प्रस्तावित शिखर सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया है। रूस ने यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की मांग को मानने से इनकार कर दिया है, जिससे वार्ता के प्रयासों पर संकट छा गया है। ट्रंप और पुतिन की आगामी बैठक की तैयारियां भी रद्द कर दी गई हैं। रूस ने स्थायी शांति के लिए यूक्रेन को गैर-परमाणु बनाए रखने की शर्त रखी है।

    Hero Image

    ट्रंप-पुतिन शिखर वार्ता रद (फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच प्रस्तावित शिखर सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया है। मास्को ने यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की मांग को मानने से इन्कार कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इससे यूक्रेन को लेकर वार्ता के प्रयासों पर संकट के बादल छा गए हैं। बता दें कि पिछले सप्ताह ट्रंप ने यह घोषणा की थी कि वह और पुतिन हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में मिलेंगे ताकि यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के प्रयास किए जा सकें। दोनों नेताओं की गत अगस्त में अलास्का में शिखर वार्ता हुई थी।

    निकट भविष्य में नहीं होगी मुलाकात

    अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप की राष्ट्रपति पुतिन से मिलने की निकट भविष्य में कोई योजना नहीं है। इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत हुई।

    ट्रंप और पुतिन की प्रस्तावित दूसरी शिखर वार्ता की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रूबियो और लावरोव की बुडापेस्ट में बैठक होने वाली थी। इस तैयारी बैठक को भी स्थगित कर दिया गया है। रूबियो और लावरोव की सोमवार को फोन पर बातचीत हुई।

    रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने मास्को में पत्रकारों से कहा, "मैं आधिकारिक रूप से पुष्टि करना चाहता हूं कि रूस ने अलास्का शिखर सम्मेलन के दौरान जो समझ बनी थी, उसकी तुलना में अपनी स्थिति नहीं बदली है।"

    क्या हैं रूस की शर्तें?

    उन्होंने कहा कि अगले ट्रंप-पुतिन शिखर सम्मेलन के स्थान और समय से ज्यादा अलास्का में बनी समझ को लागू करना महत्वपूर्ण है। युद्ध के मूल कारणों का समाधान आवश्यक है, अन्यथा स्थायी शांति नहीं हो पाएगी, जिसकी ट्रंप मांग कर रहे हैं।

    रूस ने स्थायी शांति के लिए जो शर्तें रखी हैं, उनमें यूक्रेन को गैर-परमाणु बनाए रखना और अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो गठबंधन में शामिल नहीं करना है। पुतिन ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमले का आदेश दिया था। तब से यह युद्ध जारी है। पुतिन कई बार कह चुके हैं कि वह शांति वार्ता के लिए तैयार हैं।

    रूसी हमले में यूक्रेन में चार की मौत

    रॉयटर के अनुसार, रूस ने यूक्रेन में मंगलवार को बड़े पैमाने पर हमला किया। इसके चलते यूक्रेन के चेर्निहिव क्षेत्र में चार लोगों की मौत हो गई और हजारों घरों की बिजली गुल हो गई। रूस के ताजा हमलों को सर्दी से पहले यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली को ध्वस्त करने के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, करीब ड्रोन द्वारा किए गए हमले में चार नागरिकों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।