'ट्रंप की अब तक की सबसे बड़ी गलती', भारत पर टैरिफ लगाने पर US राष्ट्रपति को अपनों ने ही लताड़ा; एक्सपर्ट्स ने क्या-क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले का विरोध भारत और अमेरिका दोनों में हो रहा है। फरीद जकारिया ने इसे ट्रंप प्रशासन की बड़ी विदेश नीति गलती बताया है जिससे भारत रूस और चीन के साथ अपने रिश्ते बेहतर करेगा। अर्थशास्त्री जेफरी सैक्स ने इसे राजनीतिक मूर्खतापूर्ण कदम कहा है जबकि ग्रेगरी मीक्स ने भारत-अमेरिका संबंधों पर नकारात्मक असर की बात कही है।

डिजिटल डेस्क. नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी (25+25 फीसदी) टैरिफ लगाने का फैसला किया है। भारत पर लगे एक्स्ट्रा टैरिफ 27 अगस्त से लागू होने वाला है। ट्रंप के फैसले का विरोध न सिर्फ भारत में बल्कि अमेरिका में भी हो रहा है।
भारतीय-अमेरिकी पत्रकार, राजनीतिक विशेषज्ञ फरीद जकारिया ने भी ट्रंप प्रशासन के फैसले पर चिंता जाहिर की है। न्यूज चैनल सीएनएन को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत पर जबरदस्ती टैरिफ थोपना और पाकिस्तान के साथ रिश्तों को बेहतर बनाना ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी विदेश नीति गलती है।
रूस-चीन से रिश्तों को बेहतर बनाएगा भारत: फरीद जकारिया
उन्होंने आगे कहा, "अगर ट्रंप अपना रुख बदल भी देते हैं, तो भी नुकसान हो चुका है। भारत का मानना है कि अमेरिका ने अपना असली रंग दिखा दिया है। वह अविश्वसनीय है, और जिसे वह अपना दोस्त कहता है, उसके साथ क्रूरता करने को तैयार है। ट्रंप के इस फैसले से भारत, अमेरिका को लेकर सतर्क हो जाएगा। वहीं, वो रूस और चीन से अपने रिश्तों को और बेहतर बनाएगा।
दो दशकों की मेहनत पर पानी फेर रहे ट्रंप: ग्रेगरी मीक्स
अमेरिकी अर्थशास्त्री जेफरी सैक्स ने भी टैरिफ को लेकर ट्रंप प्रशासन के फैसले की आलोचना की है। उन्होंने ट्रंप के इस फैसले को राजनीतिक मूर्खतापूर्ण कदम बताया है। वरिष्ठ अमेरिकी कांग्रेस सदस्य ग्रेगरी मीक्स ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बेहतर संबंध बनने में दो दशक लगे हैं, लेकिन ट्रंप के फैसले से इस रिश्ते पर असर पड़ेगा।
निक्की हेली ने भी जताई चिंता
इतना ही नहीं भारत पर लगाए टैरिफ पर रिपब्लिकन नेताओं ने भी चिंता जाहिर की है। रिपब्लिकन नेता निक्की हेली ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को बेहद गलत और चिंतापूर्ण बताया है। हेली ने भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी में दरार को वाशिंगटन की ओर से एक "बड़ी भूल" बताया है।
ट्रंप ने भारत पर क्यों लगाया एक्स्ट्रा टैरिफ?
ट्रंप प्रशासन ने भारत पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने के पीछे अजीबोगरीब तर्क दिया है। अमेरिका का कहना है कि भारत, रूस से तेल खरीद रहा है, जिसकी वजह से भारत अप्रत्यक्ष तौर पर यूक्रेन युद्ध में उसकी मदद कर रहा है।
हालांकि, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने साफ लफ्जों में कहा है कि अमेरिका का ये फैसला समझ से परे है। रही बात तेल खरीदने की तो भारत की तुलना में चीन, रूस से ज्यादा कच्चे तेल खरीदता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।