अमेरिका ने नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर किया हमला, बरसाईं टॉमहॉक मिसाइलें
अमेरिका ने नाइजीरिया में आईएसआईएस के ठिकानों पर टॉमहॉक मिसाइलों से हमला किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि यह हमला निर्दोष ईसाइयों को निशाना बनाने वाल ...और पढ़ें

नाइजीरिया में अमेरिकी हमला।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने नाइजीरिया में आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट समूह) के कई ठिकानों को टॉमहॉक मिसाइलों से निशाना बनाया। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा, ''आज रात अमेरिका ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में आईएसआईएस आतंकवादी गिरोहों के खिलाफ घातक हमला किया। वह कई वर्षों से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बनाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर रहे थे। मैंने इन आतंकवादियों को चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने ईसाइयों का नरसंहार नहीं रोका, तो भयानक परिणाम भुगतना पड़ेगा।
एएनआई के अनुसार, ट्रंप ने कहा, “युद्ध विभाग ने कई सटीक हमले किए, जैसा केवल अमेरिका ही कर सकता है। मारे गए आतंकी सहित सभी को मैरी क्रिसमस।''
नाइजीरियाई सेना के साथ मिलकर चलाया गया अभियान
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, ''राष्ट्रपति ने पिछले महीने स्पष्ट रूप से कहा था कि नाइजीरिया और अन्य जगहों पर निर्दोष ईसाइयों की हत्या बंद होनी चाहिए।'' हमले में गिनी की खाड़ी में नौसेना के एक जहाज से दर्जन से अधिक टामहाक क्रूज मिसाइलें दागी गईं। मिसाइलों ने नाइजीरिया के सोकोतो में आइसिस के दो ठिकानों को निशाना बनाया। यह अभियान नाइजीरियाई सेना के समन्वय से किया गया था।
मारे गए कई आतंकी
अमेरिकी अफ्रीकी कमान ने कहा कि उसके प्रारंभिक आकलन से यह निष्कर्ष निकला है कि हमले में आईएसआईएस के कई आतंकवादी मारे गए हैं। अमेरिकी अफ्रीकी कमान के कमांडर जनरल डैगविन एंडरसन ने कहा, ''हमारा लक्ष्य अमेरिकियों की रक्षा करना और हिंसक चरमपंथी संगठनों को हर जगह निष्क्रिय करना है।'' यह हमला नाइजर की सीमा से लगे क्षेत्र में हुआ, जहां आइसिस की एक शाखा, इस्लामिक स्टेट-साहेल, सरकारी बलों और नागरिकों दोनों पर हमले कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।