अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम का निधन, महाधमनी फटने से गई जान
अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 71 वर्ष की आयु में महाधमनी फटने से निधन हो गया। वे राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी सहयोगी थे। ...और पढ़ें
-1783980630220_m.webp)
HighLights
अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 71 वर्ष की आयु में निधन।
महाधमनी फटने के कारण हुई ट्रंप के करीबी सहयोगी की मौत।
ईरानी मीडिया ने ग्राहम की मौत पर जश्न मनाया, अमेरिका को चेताया।
एपी, वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके कार्यालय द्वारा साझा की गई शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, मौत महाधमनी (एओर्टा) फटने के कारण हुई। यह समस्या ग्राहम की धमनियों के सख्त होने से जुड़ी थी। टाक्सिकोलाजिकल और माइक्रोस्कोपिक जांच के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
शनिवार रात निधन से ठीक दो दिन पहले ही वे 71 साल के हुए थे। उनके कार्यालय ने शुरू में कहा था कि वह अचानक बीमार हुए और निधन हो गया। ट्रंप ने कहा कि वे परिवार के सदस्य की तरह थे। यह बहुत मुश्किल घड़ी है। ग्राहम ने शनिवार रात यूक्रेन की यात्रा से लौटने के बाद उन्हें फ़ोन किया था। वह थोड़े थके हुए लग रहे थे, लेकिन बिल्कुल ठीक थे। राष्ट्रपति ने आदेश दिया कि अगले शनिवार शाम तक पूरे देश में झंडे आधे झुके रहेंगे।
वहीं, एएनआई के अनुसार, इस खबर पर ईरानी मीडिया ने जश्न मनाया। ईरान सरकार से जुड़ी समाचार एजेंसी तस्नीम ने कहा, "ग्राहम की मौत हो गई, और वे ईरान की बर्बादी की चाहत को अपने साथ ही कब्र में ले गए।"
एक सरकारी टीवी के होस्ट ने कहा कि "यह खबर इतनी सुखद है कि मैं इसे दो बार पढ़ रहा हूं।" हमशहरी अखबार ने तो यहां तक चेतावनी दी है कि अमेरिकी राष्ट्रपति और अन्य अमेरिकी अधिकारियों की अचानक मौत हो सकती है।
खबरें और भी
अखबार ने अपने पहले पन्ने पर एक तस्वीर छापी, जिसमें ट्रंप को लिंडसे ग्राहम की तस्वीर के पास घुटने के बल बैठे दिखाया। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी व इज़रायली अधिकारी भी दिखाए गए। तस्वीर के ऊपर हेडलाइन थी, "अचानक मौत के लिए तैयार हो जाओ"।