अमेरिका करेगा लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग, न्याय विभाग ने की पुष्टि
अमेरिका लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग करेगा, जो कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या और अमेरिका में रंगदारी के मामलों में ...और पढ़ें

अमेरिका करेगा लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग।
HighLights
अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की आधिकारिक पुष्टि की है।
बिश्नोई निज्जर हत्याकांड और अमेरिकी रंगदारी मामलों में मुख्य आरोपी।
अमेरिकी न्याय विभाग गुरिंदरजीत नागरा का भी प्रत्यर्पण मांगेगा।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अटार्नी कार्यालय के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि अमेरिका, कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश देने और अमेरिका में कई अन्य अपराधों के आरोपित लारेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग करेगा।
अमेरिकी न्याय विभाग अमेरिका में चार लाख डॉलर की रंगदारी के एक मामले में शामिल होने के आरोप में गुरिंदरजीत सिंह नागरा के प्रत्यर्पण की भी मांग करेगा। नागरा पर आरोप है कि उसने अमेरिका में रहने वाले परिवारों को निशाना बनाने के लिए बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के साथ मिलकर काम किया। कनाडाई नागरिक निज्जर की 18 जून, 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में हत्या कर दी गई थी।
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अमेरिकी अटार्नी कार्यालय के लोक संपर्क अधिकारी सियारन मैकएवाय ने बिश्नोई और नागरा के प्रत्यर्पण से जुड़े सवालों के जवाब में इस बात की पुष्टि की, लेकिन विस्तृत विवरण नहीं दिया। उन्होंने पीटीआई को ईमेल पर दिए जवाब में कहा-हां। इसके अलावा हमारे पास कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं है।
इस सप्ताह की शुरुआत में एक संयुक्त अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप की एजेंसियों ने भारत से संबंधित तीन अंतरराष्ट्रीय आपराधिक समूहों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से 11 को कैलिफोर्निया में पकड़ा गया। इन पर कई आपराधिक कृत्यों के आरोप हैं।
खबरें और भी
अमेरिका ने बिश्नोई के सहयोगी गोल्डी बराड़ पर भी निज्जर की हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया है। एफबीआई ने बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 50 हजार डॉलर के इनाम की घोषणा की है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)