Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीन की नई चाल: परमाणु मिसाइल साइट्स के पास लॉन्च पैड और बंकर बना रहा, सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा

    Updated: Sat, 30 May 2026 09:42 AM (IST)

    चीन शिनजियांग के रेगिस्तान में एक विशाल गुप्त सैन्य ठिकाना बना रहा है, जिसका उद्देश्य अमेरिका के पहले परमाणु हमले को रोकना और जवाबी कार्रवाई की क्षमता ...और पढ़ें

    preferred source google
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन शिनजियांग के वीरान रेगिस्तान में गुपचुप तरीके से एक विशाल सैन्य ठिकाना बना रहा है। रक्षा और सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञों का मानना है कि इस खुफिया ठिकाने का मकसद अमेरिका के पहले परमाणु हमले को रोकना है, ताकि हमले के बाद भी चीन के परमाणु हथियार पूरी तरह नष्ट न हो पाएं। सीधे शब्दों में कहें, तो चीन खुद को इस कदर सुरक्षित कर रहा है कि वह पलटवार करने की अपनी ताकत को हर हाल में बचा सके।

    चीन की परमाणु मिसाइलें आज भी अमेरिका के किसी भी शहर को अपना निशाना बना सकती हैं। लेकिन न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की हालिया सैटेलाइट से पता चलता है कि बीजिंग भूमिगत कुओं के पास लॉन्च पैड, बंकरों और संचार केंद्रों का जाल बुन रहा है, जहां उसकी सबसे लंबी दूरी की मिसाइलें तैनात हैं।

    CHINA MILITARY NUCLEAR

    वीरान रेगिस्तान में सैन्य किला

    विशेषज्ञों के अनुसार, यह नया सैन्य ढांचा शिनजियांग के पूर्वी रेगिस्तान में बने दो अष्टकोणीय ठिकानों के इर्द-गिर्द केंद्रित है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि इन अष्टकोणीय ढांचों के भीतर सैन्य वाहनों और सैनिकों के रहने की व्यवस्था है। इनके चारों तरफ बख्तरबंद बंकर, हथियारों के गोदाम, हवाई पट्टियां और रेलवे लाइनें बिछी हुई हैं जो इन्हें मुख्य परमाणु मिसाइल साइलो से जोड़ती हैं।

    तस्वीरों का विश्लेषण करने वाले तीन सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बंजर इलाके में मोबाइल मिसाइल लॉन्चर और वायु रक्षा बैटरियों के इस्तेमाल के लिए 80 से अधिक कंक्रीट पैड तैयार किए जा चुके हैं। इसके अलावा यहां ऐसे उपकरण और इमारतें देखी गई हैं जो इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, उपग्रह संचार और कमांड ऑपरेशंस के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं।

    खबरें और भी

    CHINA-MILITARY-NUCLEAR

    इस निर्माण का पैमाना इतना बड़ा है कि इसने दशकों से हथियारों पर नजर रखने वाले अनुभवी विश्लेषकों को भी चौंका दिया है। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स के न्यूक्लियर इंफॉर्मेशन प्रोजेक्ट के निदेशक हंस क्रिस्टेंसन कहते हैं कि मैंने अपनी पूरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं देखा। इतने दुर्गम और कठिन माहौल में इस स्तर का बुनियादी ढांचा तैयार करना एक असाधारण और हैरान कर देने वाला काम है।

    हवाई के पैसिफिक फोरम थिंक टैंक से जुड़े अलेक्जेंडर नील ने कहा कि हम देख सकते हैं कि यह ढांचा मिसाइल साइलो के मुख्य क्षेत्र से परे, हजारों वर्ग किलोमीटर के रेगिस्तान में फैला हुआ है। यह चीन के रणनीतिक परमाणु प्रतिरोध को बहुत अधिक मजबूत और विविध बनाने की कोशिश है।

    China Building Bunkers Near Nuclear Missile Silos

    ताइवान संकट

    यह सैन्य हलचल ऐसे समय में सामने आई है जब ताइवान की संप्रभुता को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तनाव चरम पर है। इसी महीने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को चेतावनी दी थी कि ताइवान को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद अगर सही तरीके से नहीं सुलझाए गए, तो यह उन्हें एक खतरनाक मोड़ पर ले जा सकता है।

    आधिकारिक तौर पर चीन हमेशा अपनी नो फर्स्ट यूज की नीति का ढिंढोरा पीटता रहा है। यानी उसका कहना है कि वह खुद कभी युद्ध की शुरुआत नहीं करेगा। लेकिन पश्चिमी राजनयिकों का मानना है कि चीन ताइवान के मामले में बाहरी देश अमेरिका के हस्तक्षेप को रोकने के लिए अपनी इस परमाणु ताकत का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए कर सकता है।

    CHINA-MILITARY-NUCLEAR (1)

    अमेरिका की तुलना में चीन की अलग रणनीति

    यह रक्षा घेरा चीन को दुनिया की अन्य परमाणु महाशक्तियों से अलग बनाता है। अमेरिका और रूस के पास चीन से कहीं अधिक परमाणु हथियार हैं, लेकिन वे हमले से बचने के लिए मिसाइल डिफेंस सिस्टम के बजाय अपने साइलो की भारी संख्या और उनकी मजबूती पर भरोसा करते हैं।

    इसके विपरीत, चीन अपने मिसाइल ठिकानों के चारों तरफ सुरक्षा की इतनी परतें बना रहा है जिन्हें भेद पाना किसी के लिए भी नामुमकिन हो।

    पेंटागन की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन दुनिया में सबसे तेजी से अपनी परमाणु क्षमताओं का विस्तार कर रहा है और अनुमान है कि साल 2030 तक उसके पास 1,000 परमाणु हथियार होंगे।

    साथ ही, चीन का हुओयान-1 सैटेलाइट सिस्टम किसी भी विरोधी मिसाइल के लॉन्च होने के 90 सेकंड के भीतर उसकी पहचान कर सकता है, जिससे चीन को जवाबी कार्रवाई के लिए 3 से 4 मिनट का कीमती समय मिल जाता है।

    यह भी पढ़ें- LAC पर शांति बनाए रखने पर भारत-चीन सहमत, बीजिंग में हुई अहम बैठक

    यह भी पढ़ें- इजरायल का 'आठवें मोर्चे' पर नया दांव: भारत-अमेरिका संग वैश्विक गठबंधन की पहल, चीन-पाक को लगेगी मिर्ची