Trending

    'चीन की सेना राजनीतिक वफादारी बढ़ाए', शीर्ष जनरलों के निष्कासन के बाद पहली बार बोले शी चिनफिंग

    Updated: Sun, 08 Mar 2026 02:00 AM (IST)

    चीन की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में पीएलए और पीपुल्स आ‌र्म्ड पुलिस फोर्स के अधिकारियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में चिनफिग ने स ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोई गुंजाइश नहीं है

    पीटीआई, बीजिंग। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के शीर्ष अधिकारियों को हटाने के बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को सेना से राजनीतिक वफादारी बढ़ाने और भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म के लिए कहा।

    उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोई गुंजाइश नहीं है। एक शीर्ष जनरल ने भी सैन्य अधिकारियों से चीनी राष्ट्रपति के आदेश का पूरी तरह पालन करने को कहा।

    चीन की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में पीएलए और पीपुल्स आ‌र्म्ड पुलिस फोर्स के अधिकारियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में चिनफिग ने सेना में राजनीतिक वफादारी बढ़ाने की खास ताकत का पूरा फायदा उठाने पर जोर दिया।

    उन्होंने नेशनल डिफेंस और आ‌र्म्ड फोर्स को लगातार आधुनिक बनाने के लिए मिलकर कोशिश करने को भी कहा। जनवरी में पीएलए के सबसे बड़े अधिकारी जनरल झांग यूशिया समेत दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाने के बाद चिनफिंग की यह पहली बैठक थी।

    इस बदलाव को हाल के इतिहास में पीएलए में बड़ा सफाई अभियान माना जा रहा है, जिससे लोगों में हैरानी की लहर दौड़ गई थी। झांग यूशिया राष्ट्रपति चिनफिंग की अगुआई वाले सबसे ताकतवर केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के उपाध्यक्ष थे।

    उनके हटने के बाद छह सदस्यों वाली सीएमसी घटकर दो सदस्यीय रह गई है। इनमें चिनफिंग के अलावा अनुशासन निरीक्षण निकाय के सचिव जनरल झांग शेंगमिन शामिल हैं। सीएमसी चीन की सेना की समग्र हाई कमान है।

    जनरल शेंगमिन ने भी मौजूदा संसद सत्र में अपने भाषण में कहा, 'हमें गहन राजनीतिक सुधार करने होंगे, कम्युनिस्ट पार्टी के आचरण में सुधार करना होगा, भ्रष्टाचार से लड़ना होगा, पार्टी के प्रति वफादारी मजबूत करनी होगी और राष्ट्रपति चिनफिंग के आदेश का पूरी तरह से पालन करना होगा।'