चीन में सड़कों पर बह रहीं गाड़ियां, फ्लाइट और ट्रेनें रद; टाइफून बावी ने मचाई जबरदस्त तबाही
टाइफून बावी ने चीन में भारी तबाही मचाई है, जिससे लाखों लोग विस्थापित हुए और कई इलाकों में भीषण बाढ़ आ गई। सड़कों पर गाड़ियां बह गईं, स्कूल बंद हुए और ...और पढ़ें
HighLights
टाइफून बावी ने चीन में मचाई भीषण तबाही।
लाखों लोग विस्थापित, सड़कें डूबीं, गाड़ियां बहीं।
फ्लाइट, ट्रेनें रद्द; स्कूल बंद, पेड़ उखड़े।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन इस वक्त आपदा की ऐसी मार झेल रहा है कि वहां के प्रशासन को भी समझ नहीं आ रहा कि अब क्या किया जाए। टाइफून बावी ने चीन के कई इलाकों में इतनी भीषण तबाही मचाई है कि लाखों लोग को विस्थापित करना पड़ा।
चीन के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई है और सड़कें दो मीटर तक पानी में डूब गई हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें सड़कों पर पानी के तेज बहाव में गाड़ियां बहती हुई दिखाई दे रही हैं।
बेहद शक्तिशाली तूफान
टाइफून बावी चीन से टकराने वाला इस साल का सबसे शक्तिशाली तूफान था। इससे चीने के पूर्वी इलाके को भारी बारिश और तेज हवाओं का सामना करना पड़ा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि जिन इलाकों में पहले से काफी बारिश हो चुकी है, वहां अभी और ज्यादा बारिश होगी।
चीन के झेजियांग प्रांत में 20 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जिन जगहों पर बाढ़ का पानी शांत है, वहां लोग तैरकर या पैडल बोर्डिंग आ-जा रहे हैं।
खबरें और भी
कई पेड़ उखड़े
झेजियांग के तटीय शहर युएकिंग में 1300 से ज्यादा पेड़ गिरने की भी बात सामने आई है, जिसमें करीब 700 पेड़ जड़ से ही उखड़ गए। चीन की 46 नदियों में पानी का लेवल चेतावनी के निशान से ऊपर पहुंच गया है।
स्कूल बंद कर दिए गए हैं। फ्लाइट और ट्रेनें रद कर दी गई है। बता दें कि टाइफून बावी 13 दिन पहले प्रशांत महासागर में बना था और इस साल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे लंबे समय तक चलने वाला ट्रॉपिकल साइक्लोन बन गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बावी अब कमजोर पड़कर ट्रॉपिकल तूफान में बदल गया है और अब यह कोरियाई प्रायद्वीप की ओर बढ़ेगा। अब यह धीमा होता जाएगा और अपने साथ जमा नमी छोड़ देगा, जिससे इलाके में और भी ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है।