टोक्यो पहुंचे डोनल्ड ट्रंप, भव्य शाही स्वागत से हुए अभिभूत; पीएम साना ताकाइची से करेंगे मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टोक्यो में शाही स्वागत हुआ। व्यापार और रक्षा मामलों पर चर्चा के साथ, जापान के साथ महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौते होने की उम्मीद है। ट्रंप ने सम्राट नारुहीतो से मुलाकात की और प्रधानमंत्री साना ताकाइची से मिलेंगे। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से भी उनकी मुलाकात होगी। टोक्यो में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

नीले रंग का सूट और सुनहरे रंग की टाई पहने थे ट्रंप (फोटो: रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एशियाई देशों के दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोमवार को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचने पर शाही स्वागत हुआ। माना जा रहा है कि ट्रंप अपने दौरे में जापान के साथ महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौते कर सकते हैं। आयात शुल्क (टैरिफ) को लेकर जापान पर दबाव बनाने में कामयाब रहे ट्रंप पहले ही जापानी कंपनियों से 550 अरब डॉलर के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त कर चुके हैं।
ट्रंप के दौरे में मुख्य रूप से व्यापार और रक्षा मामलों पर चर्चा होने की उम्मीद है। अपने दौरे के पहले चरण में ट्रंप ने मलेशिया में चार दक्षिण-एशियाई देशों के साथ दुर्लभ खनिजों के कारोबार का समझौता किया है। जापान के दौरे के बाद ट्रंप दक्षिण कोरिया जाएंगे, वहां पर उनकी चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात होगी। इस मुलाकात से पहले रविवार को अमेरिका ने उस आयात शुल्क आरोपण को हटाने की घोषणा की जो हाल ही में चीन के दुर्लभ खनिजों के निर्यात पर नियंत्रण के विरोध में लगाया गया था।
चीन के माल पर अतिरिक्त आयात शुल्क न लगाने के अमेरिकी फैसले का असर सोमवार को एशियाई देशों के शेयर बाजारों पर दिखाई दिए। सोमवार को सभी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। टोक्यो में उतरने से पहले अपने विमान एयरफोर्स वन में ट्रंप ने कहा, वह चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग का बहुत सम्मान करते हैं। मेरा मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच शानदार व्यापार समझौता होगा।
सम्राट से मिले, ताकाइची से आज होगी वार्ता
नीले रंग का सूट और सुनहरे रंग की टाई पहने ट्रंप के स्वागत में टोक्यो की तमाम बहुमंजिली इमारतों पर अमेरिकी ध्वज के अनुरूप लाइटनिंग की गई। ट्रंप ने रात में हेलीकॉप्टर से इस सजावट को देखा और वह इससे अभिभूत हुए। इसके बाद वह जापान के सम्राट नारुहीतो से मिलने उनके इंपीरियल पैलेस गए। वहां पर दोनों हस्तियों ने गर्मजोशी से हाथ मिलाए और फोटो खिंचवाए। मंगलवार को ट्रंप की मुलाकात जापान की नव निर्वाचित प्रधानमंत्री साना ताकाइची से होगी।
इस मुलाकात में अमेरिकी पिकअप ट्रक, सोयाबीन और गैस खरीद के बड़े समझौते हो सकते हैं। ताकाइची ने पिछले सप्ताह ही जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। जाहिर से अमेरिका से संबंधों को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। ट्रंप ने कहा कि ताकाइची से उनकी मुलाकात बेहतर होने की उम्मीद है। ट्रंप के दौरे के विरोध में प्रदर्शनों की चेतावनी के मद्देनजर टोक्यो में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के बाहर चाकू लिए एक आदमी को गिरफ्तारी के बाद सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।