जापान ने तैनात की चीन तक मार करने वाली मिसाइल, बौखलाया ड्रैगन
जापान ने अपनी सुरक्षा चिंताओं के चलते कैंप केनगुन में लंबी दूरी की टाइप-12 मिसाइल तैनात की है। यह मिसाइल 1000 किमी तक मार कर सकती है, जिसे 200 किमी और ...और पढ़ें

जापान ने मंगलवार को अपने सैन्य ठिकाने कैंप केनगुन पर लंबी दूरी तक मार करने वाली अपनी पहली मिसाइल तैनात कर दी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विश्व के कई हिस्सों में चल रहे युद्धों के बाद अब सभी प्रमुख देश अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद सुरक्षा को लेकर काफी हद तक अमेरिका पर आश्रित जापान ने मंगलवार को अपने सैन्य ठिकाने कैंप केनगुन पर लंबी दूरी तक मार करने वाली अपनी पहली मिसाइल तैनात कर दी।
उन्नत टाइप-12 जमीन से युद्धपोत को निशाना बनाने वाली मिसाइल जापान ने विकसित की है और उसका उत्पादन कर रहा है। मंगलवार को ही जापान ने टोक्यो के नजदीक फूजी सैन्य ठिकाने पर हाइपरसोनिक ग्लाइड वेहिकिल तैनात किया है। यह हवाई हमले से सुरक्षा करने वाला सिस्टम है।
इस मिसाइल का विकास जापान की मित्शुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज ने किया है और वही उसका उत्पादन कर रही है। जापान के रक्षा मंत्री शिनजीरो कोइजुमी ने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद जापान सबसे ज्यादा जटिल सुरक्षा वातावरण का सामना कर रहा है। ऐसे में जापान की जिम्मेदारी बन जाती है कि वह अपनी प्रतिरोधक क्षमता और प्रत्युत्तर की क्षमता का विकास करे।
ऐसा करके जापान सुरक्षा का संकल्प प्रदर्शित करेगा। उन्नत टाइप-12 मिसाइल की क्षमता एक हजार किलोमीटर तक मार करने की है। जरूरत पड़ने पर इसकी मारक क्षमता को 200 किलोमीटर और बढ़ाया जा सकता है। इससे मिसाइल चीन तक पहुंच सकेगी और जापान अपने प्रतिद्वंद्वी चीन के ठिकानों को निशाना बना सकेगा।
ऐसा कर जापान ने बचाव की अपनी नीति को पीछे छोड़ने का कार्य किया है। केनगुन क्षेत्र के लोगों ने मिसाइल तैनाती का विरोध भी किया है। उन्होंने कहा है कि इससे इलाके में तनाव बढ़ेगा और वे बेवजह दुश्मन देश के निशाने पर आएंगे।
(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।