Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा शांति प्रस्ताव का जवाब, खाड़ी में तनाव बरकरार

    Updated: Sun, 10 May 2026 10:55 PM (IST)

    ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका के 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव का जवाब भेजा है, जिसमें क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई रोकने और तनाव कम करने को प्राथम ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    खाड़ी में तनाव के बीच ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को शांति प्रस्ताव का जवाब भेजा (फाइल फोटो)

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में दो महीने से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। ईरान ने अमेरिका के 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव पर अपना जवाब पाकिस्तान के माध्यम से भेज दिया है।

    पाकिस्तान ने भी ईरान का जवाब मिलने की पुष्टि कर दी है। एक दिन पूर्व ही उम्मीद जताई गई थी कि अमेरिका और ईरान के बीच इस सप्ताह पाकिस्तान में शांति वार्ता हो सकती है। हालांकि, युद्धविराम की कोशिशों के बीच खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है।

    ईरानी समाचार एजेंसी आइआरएनए के मुताबिक, तेहरान के जवाबी प्रस्ताव में फिलहाल प्राथमिकता क्षेत्र में सैन्य कार्रवाइयों को रोकने और तनाव कम करने को दी गई है। आइआरआइबी के अनुसार, ईरान के जवाब में लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की शर्त रखी गई है।

    सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्ष फिलहाल एक अस्थायी समझौते पर काम कर रहे हैं, ताकि होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री यातायात सामान्य रखा जा सके। इसके बाद परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम जैसे जटिल मुद्दों पर व्यापक वार्ता आगे बढ़ेगी। हालांकि, ईरान के जवाबी प्रस्ताव का खुलासा नहीं किया गया है।

    खबरें और भी

    इस बीच, कतर, सऊदी अरब, तुर्किए और चीन सहित कई देश राजनयिक प्रयासों के तहत ईरानी अधिकारियों और विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ संपर्क में बताए जा रहे हैं।

    एपी के अनुसार, यूएई ने रविवार को दावा किया कि उसने ईरान से जुड़े दो ड्रोन हमलों को विफल किया। कुवैत ने भी कहा कि उसकी हवाई सीमा में कई ड्रोन घुसे, जिन्हें इंटरसेप्ट कर लिया गया। हालांकि, ईरान ने इन आरोपों से इन्कार किया है। कतर के तट से करीब 43 किलोमीटर दूर खड़े एक जहाज में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

    कतर का दावा है कि ये जहाज अबू धाबी से आ रहा था। एएनआइ के अनुसार, तनाव के बीच राहत की खबर यह रही कि पनामा और कतर के झंडे वाले दो मालवाहक जहाज ईरान द्वारा तय समुद्री मार्ग से सुरक्षित होर्मुज पार कर गए। इनमें कतर एनर्जी का एलएनजी जहाज 'अल खारैतियात' पाकिस्तान के पोर्ट कासिम के लिए रवाना हुआ, जबकि 'एमडीएल तूफान' ब्राजील की ओर बढ़ा। बताया जाता है कि खाड़ी युद्ध शुरू होने के बाद से कतर के एलएनजी लदे पहले जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया है।

    आइएएनएस के अनुसार, आइआरजीसी ने चेतावनी दी कि ईरानी तेल टैंकरों या व्यापारिक जहाजों पर हमला हुआ तो अमेरिकी सैन्य अड्डों और युद्धपोतों को निशाना बनाया जाएगा। आइआरजीसी की एयरोस्पेस डिवीजन ने भी एक्स पर एक अलग पोस्ट में दावा किया कि उसके मिसाइल और ड्रोन क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों और युद्धपोतों पर नजर बनाए हुए हैं।

    बयान में कहा गया, “हम केवल कार्रवाई के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।'' न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि बातचीत आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा का माध्यम है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के भूमिगत उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार पर अमेरिका की लगातार नजर है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “यदि कोई उस जगह के करीब पहुंचा तो हमें तुरंत पता चल जाएगा और हम उसे उड़ा देंगे।''

    खार्ग द्वीप से तेल लीकेज की खबर गलत- ईरान

    रायटर के अनुसार, ईरान ने अपने प्रमुख व्यापारिक केंद्र के तौर पर पहचाने जाने वाले खार्ग द्वीप में तेल रिसाव की खबरों का खंडन किया है। ईरान की आयल टर्मिनल्स कंपनी ने तेल लीक की खबरों को बेबुनियाद बताया है। दरअसल, उपग्रह से जारी तस्वीरों में खाड़ी में देश के मुख्य तेल निर्यात हब के पश्चिम में एक चिकनी परत दिखी थी, जिस आधार पर रिसाव का दावा किया गया था।

    कंपनी अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्रीय सामुद्रिक प्रदूषण निकाय, मरीन इमरजेंसी म्युचुअल एड सेंटर (एमईएमएसी) ने भी रिपोर्ट दी है कि किसी तरह के तेल रिसाव के संकेत नहीं मिले हैं। ईरानी अधिकारियों ने भी क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रयोगशाला में परीक्षण के आधार पर इन खबरों का खंडन किया है।