Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    होर्मुज में ईरान जा रहे जहाज पर मिसाइल अटैक; अमेरिका बोला- हम तेहरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू करने में सक्षम

    Updated: Sun, 31 May 2026 07:15 AM (IST)

    अमेरिकी सेना ने शनिवार को कहा कि उसने एक गाम्बिया-ध्वज वाले मालवाहक जहाज को, जो एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहा था, उसके इंजन कक्ष में मिस ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    होमुर्ज में ईरान जा रहे जहाज पर मिसाइल अटैक (फोटो- रॉयटर)

    HighLights

    1. ट्रंप ने दोहराया, समझौते में अमेरिका की प्रमुख शर्तें पूरी होनी चाहिए 

    2. ईरान ने कहा, अमेरिका के साथ अभी कोई समझौता तय नहीं

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि आवश्यक हुआ तो वह ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोहराया कि तेहरान के साथ किसी भी समझौते में अमेरिका की प्रमुख शर्तें पूरी होनी चाहिए। इनमें ईरान की परमाणु हथियार महत्वाकांक्षाओं पर हमेशा के लिए विराम शामिल है।

    अमेरिकी सेना ने दागी मिसाइल

    वहीं, संयुक्त राज्य अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी लागू कर रहा है, जिसके चलते तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले सभी यातायात को प्रभावी रूप से रोक दिया है। अमेरिकी सेना ने शनिवार को कहा कि उसने एक गाम्बिया-ध्वज वाले मालवाहक जहाज को, जो एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहा था, उसके इंजन कक्ष में मिसाइल दागकर निष्क्रिय कर दिया।

    अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, एक मसौदे पर ट्रंप की मंजूरी का इंतजार है। हालांकि, राष्ट्रपति ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई बैठक के बाद कोई निर्णय नहीं लिया।

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कही ये बात

    इस बीच, सिंगापुर में एक रक्षा शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर फिर से युद्ध शुरू करने में पूरी तरह सक्षम है। हमारे पास इसके लिए पर्याप्त आयुध भंडार है। ये बयान वार्ता में संभावित सफलता को लेकर विरोधाभासी संकेतों के बीच आए हैं।

    व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि ट्रंप संभावित समझौते पर विचार कर रहे हैं, जबकि ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन को लेकर अड़े ईरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ अभी कोई समझौता तय नहीं है। इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

    खबरें और भी

    युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर डोनाल्ड ट्रंप लेंगे

    न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर डोनाल्ड ट्रंप क्या निर्णय लेते हैं, इसको लेकर पूरे ईरान में बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। उत्तरी ईरान के माजंदरान प्रांत के इंजीनियर अली ने कहा-हम जानते हैं कि यदि ऐसा कोई प्रस्ताव आता भी है, तो हमें उससे कोई लाभ नहीं मिलेगा।

    ईरान के कुछ कट्टरपंथी नेताओं ने भी अमेरिका के साथ हुए समझौते के खिलाफ आवाज उठाई है। उनका मानना है कि यह समझौता बहुत ही सुलहकारी है।

    आईएएनएस के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने स्पष्ट किया कि अमेरिका के साथ अभी तक किसी भी समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। दोनों पक्षों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। होर्मुज के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस स्ट्रेट का प्रबंधन केवल ईरान और ओमान से संबंधित है।

    इधर, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि होर्मुज में ईरानी बंदरगाहों से नौसैनिक नाकेबंदी हटाई जा रही है। अब अमेरिकी नौसैनिक घर वापसी कर सकते हैं और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों का गुजरना बगैर टोल दिए बेरोकटोक हो सकेगा।

    रॉयटर के अनुसार, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजई ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाकेबंदी रखने के साथ ही बातचीत में अत्यधिक मांगें रखकर तीसरी बार विश्वासघात कर रहे हैं।

    कच्चे तेल की कीमतें छह सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचीं

    अमेरिका और ईरान द्वारा अस्थायी रूप से युद्धविराम बढ़ाने पर सहमति जताने और होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही फिर से खुलने की खबरों के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें छह सप्ताह के निचले स्तर पर आ गईं। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड (अगस्त अनुबंध) इस सप्ताह 1.7 प्रतिशत गिरकर 91.12 अमेरिकी डालर पर बंद हुआ।

    ईरान की एक अरब डॉलर की क्रिप्टो करेंसी जब्त

    एएनआई के अनुसार, अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने शुक्रवार को बताया कि उनके देश ने ईरान के खिलाफ आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है। ईरान की लगभग एक अरब डालर की क्रिप्टो करेंसी जब्त कर ली गई है। इस अमेरिकी अभियान के चलते ईरान को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

    युद्ध रोकने पर ट्रंप का समर्थन नहीं करेंगे इजरायली अरबपति

    एएनआई के मुताबिक, अमेरिकी सेना के सेवानिवृत्त कर्नल और रक्षा सलाहकार डगलस मैकग्रेगर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पश्चिम एशिया को लेकर बड़ी राजनीतिक दुविधा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर ट्रंप सैन्य अभियान रोकने का प्रयास करते हैं तो अमेरिका में इजरायल समर्थक प्रभावशाली तबका उनके खिलाफ हो सकता है।

    अमेरिका ने ईरानी वाणिज्यिक जहाज को रोका

    एपी के अनुसार, अमेरिका ने कहा है कि उसकी सेना ने नाकाबंदी तोड़कर ईरान पहुंचने की कोशिश कर रहे एक और वाणिज्यिक जहाज को रोक दिया है। गांबिया के ध्वज वाले मालवाहक पोत लियान स्टार ने अमेरिकी सेना की चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए ईरानी बंदरगाह में प्रवेश करने की कोशिश की। जहाज को ओमान की खाड़ी में अमेरिकी विमानों द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया और वह वहीं रुका हुआ है।

    लेबनान में अंदर तक घुसी इजरायली सेना

    इजरायल की सेना दक्षिण लेबनान के एक गांव में घुस गई और देश के अंदरूनी हिस्सों की ओर बढ़ रही है। इजरायल यह कदम ऐसे समय बढ़ा रहा है, जब शुक्रवार को अमेरिका में लेबनान और इजरायल के सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत शुरू हुई।

    इजरायली सेना ने लेबनान के इस इलाके में हवाई हमले भी किए, जिनमें छह लोग मारे गए। शनिवार को दक्षिणी लेबनान में क्रूसेडर काल के ब्यूफोर्ट किले के पास इजरायली वायु सेना ने बमबारी की। यह रणनीतिक किला 18 वर्षों तक इजरायली सैनिकों के कब्जे में रहा, जब तक कि वे मई 2000 में लेबनान से पीछे नहीं हट गए। नबातीयेह शहर के पास के गांवों में भी लड़ाई जारी रही।