मसूद अजहर का खत्म होता कुनबा! पहले ऑपरेशन सिंदूर में परिवार के 10 लोग मारे गए और अब बड़े भाई की रहस्यमयी मौत
भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकी मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर का पाकिस्तान में निधन हो गया है। उनकी मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई, जिसका सटी ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जैश-ए-मोहम्मद का सरगना और भारत में मोस्ट वॉन्टेड आतंकी मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उसकी मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई है।
प्रतिबंधित आतंकवादी समूह के आधिकारिक चैनल ने बताया कि अनवर का अंतिम संस्कार सोमवार को पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जामिया मस्जिद उस्मान वाली में हुआ है। हालांकि, उसकी मौत का सटीक कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
जैश-ए-मोहम्मद में थी खास भूमिका
खबरों के मुताबिक, अनवर मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था। उसने जैश-ए-मोहम्मद में अहम भूमिका निभाई और इस आतंकी संगठन के ऑपरेशन्स में सक्रिय रूप से शामिल था।
इससे पहले मसूद अजहर ने पिछले साल दावा किया था कि पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारत की लक्षित हवाई हमलों में उसके परिवार के 10 सदस्य और उसके चार सहयोगी मारे गए थे।
विमान अपहरण के बाद हुई थी अजहर की रिहाई
अजहर के नाम से जारी एक बयान में कहा गया है कि JeM के मुख्यालय (बहावलपुर स्थित जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह) पर हुए हमले में मारे गए लोगों में उसकी बड़ी बहन, उसका पति, एक भतीजा और उसकी पत्नी, एक भतीजी और उसके बड़े परिवार के पांच बच्चे शामिल थे। मसूद अजहर को 1994 में भारत में गिरफ्तार किया गया था और एअर इंडिया आईसी 814 विमान के अपहरण के बाद रिहा कर दिया गया था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध मसूद अजहर भारत में हुए कई आतंकी हमलों की साजिश में शामिल रहा है। इनमें 2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई हमला, 2016 का पठानकोट हमला और 2019 का पुलवामा हमला शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।