Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पाकिस्तान: बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला, SHO समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत

    Updated: Tue, 07 Jul 2026 03:45 PM (IST)

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में एक पुलिस पोस्ट पर हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया, जिसमें दो एसएचओ सहित नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो ग ...और पढ़ें

    बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला

    बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला

    HighLights

    1. जियारत जिले में पुलिस पोस्ट पर हथियारबंद हमला हुआ।

    2. हमले में दो एसएचओ सहित नौ पुलिसकर्मियों की मौत।

    3. पांच पुलिसकर्मी अभी भी लापता, तलाश अभियान जारी।

    डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस पोस्ट पर हमला किया है। अधिकारियों ने आज मंगलवार, 7 जुलाई को बताया कि इस हमले में दो स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) समेत कम से कम नौ पुलिसकर्मियों की मौत हुई है।

    स्थानीय मीडिया के सूत्रों का हवाला देते हुए पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' ने बताया कि हथियारबंद लोगों ने सोमवार रात पुलिस पोस्ट पर हमला किया।

    पाकिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला

    जियारत जिले में पुलिस और हथियारबंद हमलावरों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी हुई, लेकिन हमलावर परिसर में घुसने में कामयाब रहे। जियारत के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल कुदूस अचकजई ने घटना में मरने वालों की संख्या की पुष्टि की।

    डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पांच पुलिसकर्मियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है और घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है और लापता पुलिसकर्मियों का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

    बलूचिस्तान में यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान में, खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे सीमावर्ती प्रांतों में पुलिसकर्मियों पर हमले बढ़ रहे हैं।

    पाकिस्तान में पुलिस बल पर बढ़ रहे हमले

    पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मोहमंद जिले में 2 जुलाई को भी हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस गश्त दल पर हमला किया था, जिसमें एक अतिरिक्त स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) समेत दो पुलिसकर्मी की मौत हुई थी।

    'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि हमले में अतिरिक्त SHO और एलीट फोर्स का एक कांस्टेबल मारा गया, जबकि गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गया और उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए पेशावर ले जाया गया।

    खबरें और भी

    पुलिस के मुताबिक, इस हमले के पीछे 'फितना-अल-खवारिज' आतंकवादी थे, यह शब्द पाकिस्तान प्रतिबंधित संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) से जुड़े आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल करता है।

    इससे पहले 27 जून को, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले के दश्त इलाके में पुलिसकर्मियों की गाड़ी के पास बम विस्फोट होने से चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

    (समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)

    यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये की जा रही हथियारों की तस्करी, अली फजल पउप्र व एनसीआर में खपा रहा था हथियार