'जेन-जी कर सकते हैं तख्तापलट', पाकिस्तान के मंत्री ने कॉकरोच पार्टी की मिसाल देकर अपनों को ही चेताया
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि देश का शासन तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और बड़े बदलावों की जरूरत है। ...और पढ़ें

पाकिस्तान के मंत्री ने कॉकरोच पार्टी की मिसाल देकर अपनों को ही चेताया(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने गुरुवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश का शासन सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने शासन में बड़े बदलावों की जरूरत पर जोर देते हुए नए प्रशासनिक इकाइयों या प्रांतों के गठन की वकालत की।
साथ ही, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे व्यापक संवैधानिक और प्रशासनिक सुधारों पर एकमत हों। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये संरचनात्मक बदलाव नहीं किए गए, तो पाकिस्तान बार-बार राजनीतिक और आर्थिक संकटों में फंसता रहेगा।
सिस्टम लोगों को न्याय और रोजगार देने में विफल
इस्लामाबाद में पाकिस्तान आर्थिक शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि देश का दशकों पुराना गवर्नेंस मॉडल लोगों को न्याय, आर्थिक अवसर या प्रभावी जन सेवाएं देने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे आप सहमत हों या नहीं, हम जिस व्यवस्था में जी रहे हैं, वह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा ढांचे के भीतर समस्याओं को सुलझाने की बार-बार की गई कोशिशें विफल रही हैं। उनका मानना था कि अगर एक सिस्टम 70-80 सालों से ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो इसका मतलब है कि उसकी बनावट में ही कोई बुनियादी खामी है।
खबरें और भी
मोहसिन नकवी ने की नए प्रांत बनाने की मांग
गृह मंत्री ने समाधान सुझाते हुए कहा कि सत्ता का विकेंद्रीकरण जरूरी है, जिसके लिए अतिरिक्त प्रशासनिक इकाइयां या नए प्रांत बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक नई इकाइयां नहीं बनेंगी और वे अपनी जिम्मेदारी नहीं लेंगी, तब तक नया नेतृत्व उभरकर सामने नहीं आएगा।
नकवी ने सभी राजनीतिक दलों से पुरानी और बेकार हो चुकी व्यवस्था को ढोने के बजाय सुधारों के लिए एक साथ बैठने की अपील की। उन्होंने कहा, "सभी राजनीतिक दलों को एक कमरे में बैठना चाहिए, चाहे एक दिन के लिए, एक महीने के लिए या एक साल के लिए। उन्हें देश के हर मुद्दे को सुलझाना होगा, जिसमें नई इकाइयों और प्रांतों का गठन भी शामिल है"।
फायरफाइटिंग कर रही है सरकार
खुद को लोकतंत्र का सबसे बड़ा समर्थक बताते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान को उस व्यवस्था से बंधे नहीं रहना चाहिए जिसने लगातार खराब प्रदर्शन किया है। उन्होंने नीतियों की विफलता पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक कृषि प्रधान देश होने के बावजूद पाकिस्तान आज भी गेहूं जैसी फसलें आयात कर रहा है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मेहनत की तारीफ करते हुए नकवी ने कहा, "मैंने शहबाज शरीफ को दिन में 12 से 14 घंटे काम करते देखा है। वे 18 घंटे भी काम कर सकते हैं, लेकिन हम सिर्फ फायरफाइटिंग कर रहे हैं। जब तक देश की बुनियादी चीजों को ठीक नहीं किया जाता, हालात ऐसे ही रहेंगे"।
युवाओं को खैरात नहीं, मेरिट पर नौकरी चाहिए
युवाओं के मुद्दे पर बात करते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान के युवा कल्याणकारी योजनाओं या आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपनी योग्यता के आधार पर रोजगार और समान अवसर चाहते हैं।
नकवी ने आगे कहा कि हमें लगता है कि युवाओं को कुछ हजार रुपये का वजीफा या टैबलेट देकर हम उन्हें खुश कर देंगे, लेकिन उनसे पूछिए कि वे असल में क्या चाहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर सही अवसर दिए जाएं, तो पाकिस्तानी युवा हर महीने 2,000 से 4,000 डॉलर तक कमा सकते हैं।
युवाओं के गुस्से को नजरअंदाज न करें
हाल ही में भारत में छात्र प्रदर्शनों के दौरान Gen-Z के लिए इस्तेमाल किए गए एक शब्द का जिक्र करते हुए नकवी ने चेतावनी दी कि युवाओं के बढ़ते गुस्से को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
उन्होंने आगाह किया कि अगर ये कॉकरोच एकजुट हो गए, तो ये सब कुछ तहस-नहस कर सकते। उन्होंने सरकार से युवाओं का असंतोष और गहराने से पहले उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का आग्रह किया।
कारोबारियों से राजनीति में आने की अपील
गृह मंत्री ने पाकिस्तान के व्यापारिक समुदाय से भी देश की राजनीतिक व्यवस्था को सुधारने में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सवाल किया कि कारोबारी राजनेताओं को फंड देने के बजाय खुद चुनाव क्यों नहीं लड़ते? नकवी ने उद्योगपतियों से कहा कि आप राजनेताओं को फंडिंग करने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन खुद राजनीति में आने को शर्मनाक मानते हैं। आपको अपने लिए खड़ा होना होगा।"
बढ़ते कर्ज पर चिंता
पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए नकवी ने संघीय सरकार की तुलना एक ऐसे परिवार से की, जिसका हर महीना कर्ज के बोझ तले शुरू होता है। इस संघीय सरकार की हालत ऐसी है कि हम अपना बजट निगेटिव में बनाते हैं और इस बात पर चर्चा करते हैं कि इस साल हमें और कितना कर्ज लेना है।
उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से अपील की कि वे दीर्घकालिक गवर्नेंस सुधारों के लिए आम सहमति बनाएं, क्योंकि बिना इसके देश का भविष्य अंधकारमय है।
यह भी पढ़ें- PoJK में महिलाओं-बच्चों को निशाना बना रहा पाकिस्तान, BJP ने दुनिया से की हस्तक्षेप की अपील
यह भी पढ़ें- आतंकियों के निशाने पर थे पंजाब के VIP, पाकिस्तान से आए थे हथियार; BJP नेता के घर ग्रेनेड अटैक मामले में बड़ा खुलासा