पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा तनाव: होर्मुज पर तनातनी से शांति वार्ता पर संशय, शरीफ-मुनीर पाकिस्तान लौटे
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले करीब 50 दिनों से जारी तनाव एक बार फिर निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ता दिख रहा है। युद्धविराम की समयसीमा नजदीक आने और अमेरिकी रा ...और पढ़ें
पीटीआई, इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के बीच पिछले करीब 50 दिनों से जारी तनाव एक बार फिर निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ता दिख रहा है। युद्धविराम की समयसीमा नजदीक आने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इसे आगे न बढ़ाने के संकेतों के बीच कूटनीतिक हल की कोशिशें तेज हो गई हैं।
हालांकि, होर्मुज में नए तनाव के चलते शांति वार्ता खटाई में पड़ती दिख रही है। इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका में सक्रिय बना हुआ है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने क्षेत्रीय समर्थन जुटाने के लिए हाल के दिनों में खाड़ी के चार देशों का दौरा किया।
इन यात्राओं के दौरान उन्होंने अमेरिका-ईरान वार्ता को सफल बनाने के लिए सहयोग मांगा और क्षेत्रीय स्थिरता पर जोर दिया।
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी टकराव को बातचीत के जरिए सुलझाने के पक्ष में है और वह “स्थायी शांति'' के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
ट्रंप ने जहां रविवार से शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीद जताई है, वहीं सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से सोमवार से बातचीत शुरू होने की खबर दी है। हालांकि, न तो व्हाइट हाउस, और न तेहरान की तरफ से इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ कहा गया है।
इसी कड़ी में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने ईरान की तीन दिवसीय यात्रा पूरी की है। मुनीर बुधवार को तेहरान पहुंचे थे और आठ अप्रैल को हुए दो सप्ताह के युद्धविराम के बाद ईरान जाने वाले पहले विदेशी सैन्य प्रमुख बने।
अपने दौरे पर उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और खातम-उल-अनबिया मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दोल्लाही से मुलाकात की।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग आइएसपीआर के अनुसार, इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति, जारी कूटनीतिक प्रयासों और स्थायी शांति के उपायों पर चर्चा हुई।
मुनीर ने संवाद, तनाव कम करने और लंबित मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान अगले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की उच्चस्तरीय वार्ता की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। इससे पहले सप्ताहांत में दोनों देशों के बीच पाकिस्तान में हुई दुर्लभ प्रत्यक्ष वार्ता बिना किसी ठोस समझौते के समाप्त हो गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।