Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को नहीं छोड़ेंगे...', ट्रंप को रूस की दो टूक; कब खत्म होगा यूक्रेन युद्ध?

    Updated: Sun, 09 Nov 2025 08:58 PM (IST)

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अपनी शर्तों से पीछे नहीं हटेगा और अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने यूरोप में जब्त रूसी संपत्तियों के उपयोग पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अमेरिका, न्यू स्टार्ट संधि पर रूस के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। यूक्रेन ने रूसी पावर स्टेशन पर हमला किया, जिससे दो शहरों में बिजली बाधित हुई।

    Hero Image

    सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को नहीं छोड़ेगा (फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रविवार को कहा कि वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलने के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए रूस अपनी मूल शर्तों को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि रूस अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को नहीं छोड़ेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में सबसे भीषण संघर्ष रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयास अब तक विफल रहे हैं। उन्होंने पिछले महीने बुडापेस्ट में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित शिखर सम्मेलन को अचानक रद कर दिया था। वहीं, पीटीआई के अनुसार सर्गेई ने रविवार को कहा कि यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के अपने प्रयासों में हस्तक्षेप न करने के लिए वोलोदिमीर जेलेंस्की और नाटो सहयोगियों को मनाने में अमेरिका को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

    रूस की फ्रीज संपत्ति अगर ली गई तो जवाबी कार्रवाई करेंगे

    यूरोप में वर्तमान में जब्त की गई 210 अरब यूरो मूल्य की रूसी संपत्तियों का अधिकांश हिस्सा यूक्रेन को वित्तपोषित करने के लिए इस्तेमाल करने की यूरोपीय योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर लावरोव ने कहा कि इन संपत्तियों को लेने का कोई कानूनी तरीका नहीं है। अगर ऐसा किया गया तो रूस जवाबी कार्रवाई करेगा।

    न्यू स्टार्ट प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा अमेरिका

    लावरोव ने कहा कि अमेरिका ने राजनयिक माध्यमों से मॉस्को को सूचित किया है कि वह पुतिन के उस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है जिसमें नई सामरिक शस्त्र न्यूनीकरण संधि (न्यू स्टार्ट) में उल्लिखित सीमाओं को फरवरी 2026 में इसकी निर्धारित समाप्ति के बाद भी बनाए रखने का प्रस्ताव है।

    रूस के दो शहरों में पावर और हीटिंग सिस्टम बाधित

    यूक्रेन ने रूस के पावर स्टेशन को निशाना बनाया। इन हमलों ने सीमा के पास दो प्रमुख रूसी शहरों वोरोनिश और बेलगोरोड की पावर और हीटिंग व्यवस्था को बाधित कर दिया। वहीं, यूक्रेन के शीर्ष राजनयिक ने मॉस्को पर जानबूझकर परमाणु सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को रूस के बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले ने दो परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को बिजली देने वाले सबस्टेशनों को निशाना बनाया।

    (न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)