Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रूस के टॉप जनरल पर गोली चलाने वाला आरोपी दुबई में गिरफ्तार, FSB ने किया साजिश का खुलासा

    Updated: Mon, 09 Feb 2026 04:00 AM (IST)

    रूस के शीर्ष सैन्य जनरल व्लादिमीर एलेक्सेयेव पर जानलेवा हमले के आरोपी ल्युबोमिर कोरबा को दुबई से गिरफ्तार किया गया है। रूसी सुरक्षा अधिकारियों ने बताय ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    रूसी सेना के टॉप इंटेलिजेंस अधिकारी पर हमला (फाइल फोटो) 

    स्मार्ट व्यू- पूरी खबर, कम शब्दों में

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के शीर्ष सैन्य जनरल पर जानलेवा हमले के कथित आरोपित को दुबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। रूस के सुरक्षा अधिकारियों और जांचकर्ताओं ने रविवार को बताया कि आरोपित ल्युबोमिर कोरबा रूसी नागरिक है और हमले के बाद दुबई भाग गया था।

    उन्होंने बताया कि हमलावर ने शुक्रवार को साइलेंसरयुक्त "माकारोव" पिस्टल से लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर एलेक्सेयेव को उत्तरी मास्को के वोलोकोलाम्सक हाइवे स्थित उनके अपार्टमेंट के बाहर उन्हें तीन गोलियां मारी थीं।

    यूक्रेन ने खारिज किया आरोप

    64 साल के एलेक्सेयेव रूसी सैन्य इंटेलिजेंस, जीआरयू, के डिप्टी चीफ हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सोवियत दौर के यूक्रेन स्थित तेरनोपिल क्षेत्र में 1960 में जन्मे कोरबा को यूक्रेनी खुफिया एजेंसी ने हमले का जिम्मा सौंपा था। हालांकि, यूक्रेन ने इस आरोप को खारिज किया है।

    रूसी मीडिया ने खुफिया एजेंसी फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) की गिरफ्त में मौजूद आरोपित का वीडियो जारी किया है। आरोपित की आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। हालांकि, ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि यूएई में आरोपित को कैसे गिरफ्तार किया गया।

    दो अन्य रूसी नागरिकों के शामिल होने की भी पुष्टि

    एफएसबी ने बताया कि इस घटना में दो अन्य रूसी नागरिकों के भी शामिल रहने की पुष्टि हुई है। इनकी पहचान विक्टोर वासिन और जिनैडा सेरेब्रिस्स्काया के रूप में की गई है। विक्टोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि जिनैडा यूक्रेन भाग गई है।

    विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस हमले को यूक्रेन की ओर से आतंकी घटना बताया था, जो शांति वार्ता को पटरी से उतार सकती है। रूस ने यूक्रेन में हमले बढ़ाए, नए कब्जे का दावा अमेरिका द्वारा यूक्रेन और रूस को बीते चार साल से चले आ रहे युद्ध को खत्म करने के लिए जून तक का समय देने के बाद दोनों पक्षों के बीच घमासान तेज हो गया है।

    एपी के अनुसार, इस क्रम में रूस ने पूर्वी यूक्रेन में जबरदस्त हवाई हमले किए, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। रूस ने ये हमले यूक्रेन के डोनेस्क क्षेत्र के क्रामातो‌र्स्क में किए। हमले के चलते नौ मंजिल के अपार्टमेंट में आग लग गई। इससे पहले रूस ने पोल्तावा क्षेत्र में स्थित परमाणु बिजली घर को भी निशाना बनाया था।

    रॉयटर के अनुसार, रूस ने यूक्रेन के दो नए क्षेत्रों पर कब्जा करने का दावा किया है। इसमें एक खार्कीव इलाके में स्थित लुश्किवका और सुमी इलाके में साइडोरिव्का शामिल हैं। (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

    यह भी पढ़ें- रूस के टॉप इंटेलिजेंस अफसर पर हमला, मॉस्कों में चलाई गईं ताबड़तोड़ गोलियां