कीव पर रूस का बड़ा हमला, 20 की मौत; महत्वपूर्ण बैठक से पहले पुतिन का नाटो को संदेश
रूस ने गुरुवार को कीव पर बड़ा हवाई हमला किया, जिसमें 20 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए, साथ ही भारी संपत्ति का नुकसान हुआ। ...और पढ़ें
HighLights
रूस के कीव पर बड़े हवाई हमले में 20 लोगों की मौत।
हमले में सैकड़ों ड्रोन और 74 मिसाइलें दागी गईं।
यूक्रेन ने हमले के बाद शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी शोक घोषित किया।
डिजिटल डेस्क, कीव। रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हवाई हमला किया। इस हमले में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइल कीव पर दागे गए। इसके चलते वहां पर 20 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं। बड़ी मात्रा में संपत्ति का नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी शोक मनाने की घोषणा की है।
इस हमले में कीव की दर्जनों इमारतों को भारी नुकसान हुआ और कई में आग लग गई है। ड्रोन और मिसाइलों के हमले से चहुंओर बरसती आग देख हजारों लोग घरों से निकल भागे और सुरक्षा के लिए भूमिगत बम शेल्टर, मेट्रो स्टेशनों व उनकी सुरंगों में जा छिपे। कीव पर इस वर्ष रूस का यह दूसरा सबसे बड़ा हमला है।
इस हमले में रूस ने 496 ड्रोन और 74 मिसाइल कीव पर दागे। यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार इनमें से ज्यादातर को आकाश में ही नष्ट कर दिया गया लेकिन 25 बैलेस्टिक मिसाइल और 12 ड्रोन 33 भवनों-स्थानों से जा टकराए। आयरलैंड की यात्रा पर गए राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अपना दौरा खत्म कर कीव लौट आए हैं। उन्होंने कीव के लोगों को आगाह किया है कि रूस जल्द ही फिर हमला कर सकता है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उच्च तकनीक क्षमता वाली मिसाइलों और ड्रोन से कीव के सैन्य ठिकानों, ऊर्जा संयंत्रों, हवाई अड्डे और अन्य स्थानों को निशाना बनाया गया है। यह हमला रूस के नागरिक ठिकानों पर यूक्रेन के हमलों के जवाब में किया गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि बुधवार-गुरुवार की रात हमले के उद्देश्य से भेजे गए 327 यूक्रेनी ड्रोन को रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने आकाश में नष्ट किया।
खबरें और भी
जबकि यूक्रेन ने कहा है कि उसके ताजा ड्रोन हमले में रूस के निजनी नोवगोरोद इलाके में स्थित आयल रिफायनरी निशाना बनी है और उसे भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के गवर्नर ग्लेब निकितिन ने बताया है कि यूक्रेनी हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)