Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हूती विद्रोहियों की सऊदी अरब को धमकी, ईरानी विमान रोका तो कर देंगे हमला

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 07:27 AM (IST)

    यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को चेतावनी दी है कि यदि उसने ईरानी नागरिक विमानों की सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आवाजाही में बाधा डालना जारी र ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सना में ईरानी विमान की लैंडिंग रोकने का लगाया आरोप, तेहरान उड़ानें जारी रखने की घोषणा 


    2. अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से तेल बाजार शांत, ट्रंप-नेतन्याहू ने फोन पर की बात, जल्द मिलेंगे

    रॉयटर, लंदन। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को चेतावनी दी है कि यदि उसने ईरानी नागरिक विमानों की सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आवाजाही में बाधा डालना जारी रखा तो उसके हवाई अड्डों और अन्य रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

    हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि शुक्रवार को सऊदी लड़ाकू विमानों ने एक ईरानी यात्री विमान को सना हवाई अड्डे पर उतरने से रोकने की कोशिश की।

    उन्होंने कहा कि यदि यमन के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन जारी रहा तो संगठन सऊदी अरब के हवाई अड्डों तथा उसके जमीनी और समुद्री हितों पर हमला करेगा।

    हूती विद्रोहियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सना और तेहरान के बीच उड़ानें संभावित परिणामों की परवाह किए बिना जारी रहेंगी।

    शांति वार्ता से तेल बाजार को राहत

    इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति प्रयासों से वैश्विक तेल बाजार में राहत का माहौल बना हुआ है।

    शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 71.72 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी डब्ल्यूटीआई 68.47 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता रहा। सप्ताहभर कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया।

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच जल्दी ही अमेरिका में मुलाकात हो सकती है।

    विश्लेषकों के अनुसार, निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका-ईरान वार्ता सफल रहने पर होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खुला रहेगा, जिससे तेल आपूर्ति सामान्य बनी रह सकती है। हालांकि दोनों देशों के बीच हालिया सैन्य तनाव के बाद स्थिति अब भी नाजुक मानी जा रही है।

    इसी बीच कुवैत का तेल उत्पादन जून में बढ़कर 16.5 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया है। वहीं, सऊदी अरामको ने एशियाई बाजार में तेल बिक्री तेज करने के लिए दीर्घकालिक अनुबंधों के बजाय स्पाट बिक्री बढ़ानी शुरू कर दी है।

    व्यापारिक सूत्रों के मुताबिक, करीब एक करोड़ बैरल सऊदी कच्चा तेल लेकर कम से कम पांच सुपरटैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं।

    खबरें और भी