Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तो क्या हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद कर दें? रूस से तेल खरीदने पर भारत ने पश्चिमी देशों को दिया मुंहतोड़ जवाब

    ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने पश्चिमी देशों को जवाब देते हुए कहा कि भारत रूस से तेल खरीद रहा है क्योंकि हम अपनी अर्थव्यवस्था को बंद नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कई यूरोपीय देश रूस से ऊर्जा उत्पाद खरीद रहे हैं फिर हमें व्यापार न करने की सलाह क्यों देते हैं? दोराईस्वामी ने भारत-रूस दोस्ती पर कहा कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंध पुराने हैं।

    By Digital Desk Edited By: Sakshi Pandey Updated: Mon, 28 Jul 2025 12:00 PM (IST)
    Hero Image
    रूस से तेल खरीदने पर क्या बोला भारत? फोटो- एएनआई

    डिजिटल डेस्क,लंदन। भारत के रूस से तेल खरीदने का कई पश्चिमी देश विरोध कर रहे हैं। वहीं, अब ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने पश्चिमी देशों को करारा जवाब दिया है। विक्रम ने दो टूक शब्दों में कहा कि हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद नहीं कर सकते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ब्रिटिश रेडियो स्टेशन टाइम्स रेडियो से बातचीत के दौरान विक्रम दोराईस्वामी ने कहा कि यूरोप के कई देश खुद रूस से रेयर अर्थ मेटल समेत अनेक ऊर्जा उत्पाद खरीद रहे हैं और वो हमें रूस से व्यापार न करने की सलाह देते हैं। क्या यह थोड़ा अजीब नहीं लगता?

    यह भी पढ़ें- 'भारत का दिल से शुक्रिया...', बदले-बदले से दिख रहे मोहम्मद यूनुस; किस बात के लिए कहा थैंक्यू?

    तेल का तीसरा सबसे बड़ा खरीददार है भारत

    बता दें कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयात करने वाला देश है। हालांकि, भारत तेल की ज्यादातर आपूर्ति मध्य एशियाई देशों से करता है। मगर, हाल ही में भारत ने रूस से भी बड़े पैमाने पर तेल आयात करना शुरू कर दिया है। 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए गए। ऐसे में रूस काफी कम दाम में भारत को तेल बेचता है।

    भारत और रूस की दोस्ती पर बात करते हुए विक्रम दोराईस्वामी ने कहा-

    दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंध दशकों पुराने हैं। जब पश्चिमी देश हमें हथियार देने को राजी नहीं थे और हमारे पड़ोसी देशों को बड़े पैमाने पर हथियार भेज रहे थे, जिसकी मदद से पड़ोसी मुल्कों ने हम पर हमला किया था। तब रूस ने भारत का साथ दिया था।

    अर्थव्यवस्था बंद कर दें: विक्रम

    विक्रम दोराईस्वामी ने रूस से तेल आयात पर बात करते हुए कहा, "दुनिया में तेल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। हम भारत दुनिया में तेल का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। हम अपने तेल की 80 प्रतिशत मांग दूसरे देशों से पूरा करते हैं ऐसे में हमें क्या करना चाहिए? क्या हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद कर दें?"

    पश्चिमी देशों को दिखाया आईना

    विक्रम दोराईस्वामी ने पश्चिमी देशों से सवाल पूछते हुए कहा कि कई देश अपनी सहूलियत के लिए उन देशों से रिश्ते बनाते हैं, जो हमारे लिए मुश्किल खड़ी करते हैं। मगर, क्या हमने कभी आप पर सवाल खड़े किए? रूस यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले भी कह चुके हैं कि यह युद्ध का समय नहीं है। हम भी यही चाहते हैं कि यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो जाए।

    यह भी पढ़ें- यूरोपीयन यूनियन के साथ US की अब तक की सबसे बड़ी ट्रेड डील, व्यापार समझौते पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?