जागरण संपादकीय: आतंकी गतिविधियां
यह चिंताजनक है कि पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क जिहादी विचारधारा वाले युवकों के साथ खालिस्तान समर्थक तत्वों को भी बरगलाने-बहकाने में लगा हुआ है।
HighLights
दिल्ली-पंजाब से छह संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े थे।
भारत को अस्थिर करने की पाक साजिशें जारी।
एनआईए की ओर से पहलगाम आतंकी हमले में लश्कर सरगना हाफिज सईद के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बीच दिल्ली एवं पंजाब से छह और संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी यही बताती है कि पाकिस्तान भारत को अस्थिर और अशांत करने की साजिश रचने से बाज नहीं आ रहा है। गत दिवस दिल्ली और पंजाब से जो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार किए गए, वे सभी पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी के माड्यूल से जुड़े थे। इनमें से एक गुट दिल्ली में आतंकी हमले करने की फिराक में था और दूसरा सीमा पार से हथियारों की तस्करी में जुटा था।
गैंग्सटर शहजाद भट्टी पाकिस्तानी सेना और उसकी खुफिया एजेंसी की ओर से उसी तरह संरक्षित आतंकी है, जैसे हाफिज सईद और अन्य अनेक हैं। इसके चंद दिन पहले भी शहजाद भट्टी के संपर्क में रहे कई संदिग्ध आतंकियों की दिल्ली और पंजाब से ही गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी तरह कुछ दिन पहले राजस्थान से भी कुछ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार हुए थे। संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी का यह सिलसिला यही स्पष्ट करता है कि पाकिस्तान में ऐसे तमाम आतंकी हैं, जो डिजिटल मीडिया और अन्य तरीकों से भारत के युवाओं को आतंक के रास्ते पर चलने के लिए उकसा रहे हैं।
चूंकि गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं और ऐसे प्रमाण भी मिले हैं, जो यह बताते हैं कि वे पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे, इसलिए पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों के लिए यह आवश्यक हो जाता है कि वे अपनी सतर्कता का स्तर और बढ़ाएं। इसकी आवश्यकता इसलिए भी है, क्योंकि तमाम चौकसी के बाद भी पिछले वर्ष आतंकी दिल्ली में लाल किले के निकट एक कार में धमाका करने में सफल रहे थे। खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां केवल इससे संतुष्ट नहीं हो सकतीं कि पाकिस्तान के इशारे पर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रचने वाले संदिग्ध आतंकी उनके हाथ लगते रहते हैं। उन्हें यह भी देखना होगा कि यह सिलसिला बंद कैसे हो?
इसके लिए भारत सरकार को भी कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता दिखानी होगी और पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े हर आतंकी माड्यूल का कच्चा-चिट्ठा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष रखना होगा, ताकि उसके बीच यह संदेश जाता रहे कि पाकिस्तान भारत में आतंकी हमलों की साजिश रचने में लगा हुआ है। यह चिंताजनक है कि पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क जिहादी विचारधारा वाले युवकों के साथ खालिस्तान समर्थक तत्वों को भी बरगलाने-बहकाने में लगा हुआ है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी पंजाब और राजस्थान सीमा पर ड्रोन के जरिये जिस तरह हथियार और नशीले पदार्थ भेज रही है, उस पर लगाम लगाने के लिए भी भारतीय एजेंसियों को कुछ ऐसा करना होगा, ताकि पाकिस्तान दबाव में आए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेनकाब भी हो।












